विश्व रक्तदाता दिवस पर अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से एसजीएम गार्डन में लगा रक्तदान शिविर
111 लोगों ने किया रक्तदान, परिवार सहित भी लिया हिस्सा
मेरठ। भीषण गर्मी और कोविड-19 के संक्रमण काल के बावजूद रविवार को विश्व रक्तदाता दिवस पर अमर उजाला फाउंडेशन की तरफ से लगाए गए रक्तदान शिविर में महादानियों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। एसजीएम गार्डन लालकुर्ती में आयोजित रक्तदान शिविर में 111 यूनिट रक्तदान हुआ। लोगों ने उत्साह दिखाते हुए रक्तदान की इस मुहिम को संक्रमण के इस दौर में भी जारी रखने का सफल संदेश दिया।
शिविर में सामाजिक संगठन, राजनीतिक, सरकारी कर्मचारी, पुलिस अधिकारी, व्यापारी, युवा, छात्रों और महिलाओं ने भाग लेकर रक्तदान का महत्व बताया। शुभारंभ जिलाधिकारी अनिल ढींगरा ने किया। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण काल में मरीजों को रक्त की बहुत आवश्यकता है। संक्रमण के भय से लोग रक्तदान नहीं कर रहे। रक्तकोश सूने हो रहे हैं। ऐसे में अमर उजाला फाउंडेशन और रक्तदान करने आए रक्तदाता बधाई के पात्र हैं। शिविर में लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक से आई चिकित्सकों की टीम ने पूरी सावधानी और सुरक्षा के साथ रक्तदान संपन्न कराया। शिविर में प्रवेश से पहले रक्त दाताओं व उनके साथ आए लोगों का कि थर्मल स्कैनिंग की गई। उन्हें सैनिटाइज किया गया। मास्क प्रदान किए गए। इसके बाद उनका रक्तचाप व वजन एवं अन्य चिकित्सकीय जांच के बाद रक्तदान कराया गया। रक्तदान के पश्चात सभी रक्त दाताओं को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से प्रमाण पत्र व मेडिकल अस्पताल की ओर से प्रमाण पत्र व कार्ड भेंट किए गए। इस अवसर पर मेडिकल अस्पताल के ब्लड बैंक से आई चिकित्सकों की टीम में डॉक्टर अंजली, राशि, प्रिया, आशीष, नरेंद्र, हिमांशु यादव व प्रदीप ने सहयोग दिया।