मेरठ। हिंदू युवतियों के धर्म परिवर्तन कराने के आरोपी छांगुर बाबा गिरोह के सक्रिय सदस्य माने जा रहे लिसाड़ी गेट किदवई नगर निवासी बदर अख्तर सिद्दीकी की पुलिस ने घेराबंदी शुरु कर दी है। वह एक युवती को प्रेम जाल में फंसाकर अगवा कर ले गया था। एटीएस ने मेरठ पुलिस के अधिकारियों से संपर्क कर बदर के खिलाफ महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए है। जिसके बाद मेरठ पुलिस भी पड़ताल में जुट गई है।
दो जुलाई 2019 को बदर अख्तर सिद्दीकी सरूरपुर के एक गांव में युवती के घर पहुंचा। आरोप है कि उसने धोखे से युवती को बुलाया और जबरन अपने साथ ले गया था। युवती के पिता ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था, लेकिन कुछ दिन बाद दोनों वापस लौट आए थे। युवती ने बदर के पक्ष में बयान दिए थे,जिसके बाद मुकदमे में फाइनल रिपोर्ट लग गई थी।
वर्ष 2021 में बदर पर फिर से युवती को ले जाने का आरोप लगा। इस मामले में बदर के खिलाफ सरूरपुर थाने में अपहरण का मुकदमा दर्ज हुआ था। इस मामले में पुलिस ने चार्जशीट दाखिल कर दी थी। सरूरपुर पुलिस एक बार फिर गोपनीय तरीके से बदर अख्तर की घेराबंदी में लग गई है, लेकिन सफलता नहीं मिली है। अब एटीएस भी इस प्रकरण की जांच पड़ताल में जुटी हुई है। एटीएस को जो नंबर बदर और उसके सहयोगियों के मिले है, उसके आधार पर भी पड़ताल कर रही है। एसपी देहात डा. राकेश कुमार मिश्र ने बताया कि सरुरपुर में बदर अख्तर के खिलाफ मुकदमा दर्ज है।