हस्तिनापुर। थाना क्षेत्र के गांव सराय खादर में चोरों ने दिनदहाड़े घर में रखे लाखों रुपये कीमत के सोने के जेवरात चोरी कर लिए। पीड़ित की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। पुलिस ने मामले को संदिग्ध बताया है।
सराय खादर निवासी पीड़ित अनुज ने बताया कि शुक्रवार को उनके परिवार के कुछ युवक कांवड़ लेने के लिए हरिद्वार जा रहे थे। उन्हें छोड़ने के लिए पूरा परिवार तारापुर मंदिर पर गया हुआ था। करीब दो घंटे बाद लौटे तो अनुज की पत्नी मीनू ने देखा कि बेड पर उनके सोने के जेवरात का खाली बैग पड़ा हुआ है। इसे देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने अलमारी को खोलकर देखा तो वहां से सोने के करीब तीन तोले के चार जेवरात गायब मिले। आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। पीड़ित दंपती से गहनता से पूछताछ की। उन्होंने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है। क्योंकि अलमारी के बाहर का लॉक नहीं टूटा हुआ है, जबकि अलमारी में जिस जगह दंपती के गहने रखे हुए थे, वहां अंदर का लॉक टूटा हुआ है। चांदी के कुछ गहने मौके पर ही मौजूद मिले। वहीं घर में चोरी होने से परिवार सदमे में है।
खबर लिखे जाने तक पीड़ित परिवार की ओर से थाने में तहरीर नहीं दी गई थी। थाना पुलिस का कहना है कि मौके पर पहुंच कर जांच की गई। तहरीर आने कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है।