सरधना। गन्नों से भरा ओवरलोड ट्रक दौराला रोड पर अनियंत्रित होकर पलट गया। गनीमत रही कि वहां से गुजर रहे लोग उसकी चपेट में नहीं आए वरना बड़ा हादसा हो सकता था।ट्रक पलटने से काफी देर मार्ग बाधित रहा।
शुगर मिलों के शुरू होते ही गन्ने से भरे ट्रकों की आवाजाही बढ़ गई है। शनिवार को गन्नों से भरा ओवरलोड ट्रक दौराला शुगर मिल की ओर जा रहा था। जैसे ही वह दौराला रोड पर पहुंचा, ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और कुछ दूरी पर जाकर सड़क किनारे पलट गया। ट्रक पलटते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई। राह चलते लोगों ने भागकर जान बचाई। हादसे के बाद मौके पर लंबा जाम लग गया, जिससे राहगीर और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ओवरलोड वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।