घायल शगीर पुत्र शरीफ निजी अस्पताल मे भर्ती ।
- फोटो : KITHOR
मुंडाली। मुंडाली थाने की मऊखास चौकी से करीब तीन सौ मीटर पहले बुधवार को एक टेंपो पलट गया। जिसमें कई सवारियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। लोगाें ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इतना बड़ा हादसा होने के बाद भी मामले में थाना व चौकी पुलिस अनजान बनीं रही। पूछे जाने पर किसी तरह की जानकारी होने से इंकार कर दिया। वहीं सीओ ने इस मामले में नाराजगी जताते हुए लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ जांच कर कड़ी कार्रवाई की बात कही है।
मेरठ-गढ़ रोड पर स्थानीय पुलिस की साठगांठ से कुछ टेंपो बिना पर्मिट चल रहे हैं। जिसमें कुछ के पास पर्मिट काली नदी तक है पर यह शाहजहांपुर तक चल रहे है। लोगों के मुताबिक टेंपो में नियमों की अनदेखी कर सवालियां भर ली जाती हैं। बुधवार को बिना पर्मिट का एक टेंपो शाहजहांपुर से मेरठ के लिए करीब एक दर्जन सवारियां भरकर चला। मऊखास चौकी से तीन सौ मीटर पहले अनियंत्रित होकर टेंपो पलट गया। जिसमें ज्यादातर सवारियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। लोगों ने किसी तरह सवारियों को टेंपो के नीचे से निकाला। लोगों ने प्राइवेट वाहनों से सभी को अस्पतालों में भर्ती कराया। घटना में माछरा निवासी सगीर पुत्र शरीफ के पैर की दो जगह से हड्डी टूट गई। लोगों की माने तो घटना के काफी देर बाद एक सिपाही घटनास्थल पर पहुंचा और टेंपो को चौकी पर खड़ा कर लिया। घटना की जानकारी पर घायलों से जानकारी लेने थाने पहुंचे तो मऊखास चौकी इंचार्ज जितेंद्र सिंह व एसआई सतवीर ने घटना की जानकारी से इंकार कर दिया। जिससे परिजन परेशान हो गए। वहीं भटकते परिजनों ने सिपाहियों से भी मामले के बारे में पूछा तो उन्होंने भी घटना की जानकारी से इंकार किया। पीड़ित परिजन स्वयं मेडिकल पहुंचे तो वहां सगीर मिला। परिजनों के अनुसार सगीर के पैर की हड्डी दो जगह से टूटी है वहीं सिर में भी चोट है। पुलिस के इस रवैये से परिजनों ने नाराजगी जताई। वहीं सीओ किठौर आलोक सिंह ने बताया कि लोगों द्वारा सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया था। स्थानीय चौकी व थाना पुलिस को घटना का पता न होना गंभीर मामला है। हालांकि मऊखास चौकी पुलिस को घायलों को अस्पताल पहुंचाना था। इस मामले में घटनास्थल के हलका दरोगा व सिपाहियों की जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।