मेरठ के भावनपुर थाना क्षेत्र के अब्दुलापुर में संपत्ति के विवाद में भाई पर फायरिंग करने के आरोपी आसिम (27) ने बृहस्पतिवार रात अपने सिर में गोली मारकर खुदकुशी कर ली। मौत के बाद आसिम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसमें वह कह रहा है कि भाइयों और उनके सालों से वह परेशान हो चुका है। इसी वजह से जान दे रहा है। वीडियो पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।
अब्दुल्लापुर के मोहल्ला कोट निवासी आमिर अब्बास और उसके भाई आसिम अब्बास के बीच संपत्ति के बंटवारे को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। दोनों में 6 मई को झगड़ा हो गया था। पुलिस ने दोनों भाइयों का शांति भंग में चालान किया था। सोमवार रात दोनों के बीच फिर से झगड़ा हुआ। आमिर के साले राहिब आसिम पर फायरिंग करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। पुलिस ने आसिम के खिलाफ जानलेवा हमले की धारा में मुकदमा दर्ज किया था।
आसिम पुलिस के बचता फिर रहा था। बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार रात करीब 12 बजे वह अपने चाचा फरजन अली के खाली पड़े मकान में पहुंचा और तमंचे से सिर में गोली मारकर जान दे दी। काफी देर बाद जब बिजली आई तो परिजनों ने उसका लहूलुहान शव जमीन पर पड़ा देखा।
शव के पास तमंचा पड़ा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और जांच में जुट गई। सीओ सदर देहात शिवप्रताप सिंह का कहना है कि मामला खुदकुशी का है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। थाना पुलिस की भूमिका की भी जांच होगी।
यह भी पढ़ें: ISI एजेंट के खौफनाक मंसूबे: आठवीं पास नोमान सोशल मीडिया 'एक्सपर्ट', पाकिस्तान को बेचीं देश की गोपनीय सूचनाएं
छह माह से भाईयों से परेशान हूं
वायरल वीडियो 4.21 मिनट का है। यह बुधवार रात का बताया जा रहा है। इसमें आसिम रोते हुए बोलता दिख रहा है कि वह अपने भाईयों की वजह छह माह से बहुत ज्यादा परेशान हूं। इन्होंने मेरी जिंदगी जहन्नुम बना दी है। ये लोग बेईमान है, इन्होंने मेरे प्लाॅट इन लोगों ने कब्जा लिए हैं। मेरी कार और बाइक में तोड़फोड़ की। कई बार मुझे इन लोगों ने पीटा। कई बार मुझे पुलिस से उठवाकर मेरा उत्पीड़न कराया। पुलिस ने भी हर बार इन्हीं लोगों का साथ दिया।
राहिब ने जानलेवा हमले झूठा मुकदमा लिखवा दिया। जबकि मैं माैके पर माैजूद भी नहीं था। दो दिन से मैं घर से बेघर हूं। दो दिन से मैंने कुछ नहीं खाया। इन लोगों ने मुझ पर पांच बार हमला कराया। मेरे शरीर पर चोट के कई निशान हैं। मेरी माैत के जिम्मेदार आमिर, समद और राहिब और समद होंगे। लाॅकर में पैसे रखे हैं। राहिब पर तीन लाख रुपये उधार हैं। एक लाख रुपये नकद और दो लाख रुपये नकद दिए थे। इसके अलावा भी अपनी संपत्ति के बारे में जानकारी वीडियो में उसने दी।
यूपीएससी की तैयारी कर रही पत्नी
आसिम का शव देख उसकी पत्नी दिलकश का रोते हुए बुरा हाल हो गया। वह बेसुध होकर गिर गई। आसिम का छह माह का बेटा आदिल है। उसने वीडियो में बेटे आदिल का ध्यान रखने की बात पत्नी से कही।डेढ़ साल पहले उनकी शादी हुई थी। दिलकश ने सीसीएसयू से पीएचडी की है। यूपीएससी की तैयारी कर रही है। आसिम का छह माह का बेटा आदिल है। उसने वीडियो में बेटे आदिल का ध्यान रखने की बात पत्नी से कही।