- सांसद ने शुक्रवार को किया शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। जिला कारागार में बंदियों को कौशल विकास और रोजगार से जोड़ने की पहल शुरू की गई है। भाजपा सांसद अरुण गोविल ने शुक्रवार को सांसद निधि से स्थापित बेकरी यूनिट का शुभारंभ किया। यूनिट की स्थापना पर सांसद निधि से 20. 21 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। यहां बंदियों को बेकरी उत्पाद तैयार करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि सजा पूरी करने के बाद वे रोजगार के जरिये आत्मनिर्भर बन सकें।
सांसद ने कहा कि जेल सिर्फ सजा देने का स्थान नहीं होना चाहिए, बल्कि बंदियों के सुधार, कौशल विकास और पुनर्वास का माध्यम भी बनना चाहिए। बेकरी यूनिट के जरिये बंदियों को ऐसा हुनर सीखने का अवसर मिलेगा, जिसका इस्तेमाल वे जेल से बाहर आने के बाद रोजगार हासिल करने में कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि कौशल विकास से बंदियों में आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की भावना बढ़ेगी।
सांसद ने जेल प्रशासन से यूनिट का नियमित और प्रभावी संचालन कराने तथा अधिक से अधिक बंदियों को प्रशिक्षण देने को कहा। इस दौरान जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह, वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा समेत जिला प्रशासन और कारागार विभाग के अधिकारी व अन्य लोग मौजूद रहे।