फलावदा के सरकारी स्कूल में प्रधानाचार्य पर बच्चों को मुर्गा बना पीटने का आरोप
फलावदा। थाना क्षेत्र के ग्राम अमरोली उर्फ बड़ागांव स्थित एक सरकारी स्कूल के प्रधानाचार्य पर मासूम बच्चों को मुर्गा बनाकर डंडे से पिटाई करने का आरोप लगा है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वीडियो में प्रधानाचार्य के हाथ में डंडा दिख रहा है और कुछ बच्चों को मुर्गा बना रखा है। वहीं कुछ लडकियों को हाथ ऊपर करके खड़ा कर रखा है। इस दाैरान प्रधानाचार्य की वीडियो बना रहे युवक से बहस भी हो रही है।
पीड़ित बच्चों के परिजनों का आरोप है कि उनके बच्चे इसी स्कूल में पढ़ते हैं। परिजनों का आरोप है कि शिक्षक ने बेवजह बच्चों को प्रताड़ित किया और उनके साथ मारपीट की। घटना की सूचना डायल 112 के माध्यम से पुलिस को दी गई। सीओ मवाना पंकज लवानिया ने बताया कि वीडियो संज्ञान में आया है। पुलिस मौके पर गई थी लेकिन प्रधानाचार्य वहां नहीं मिले। इस मामले में परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।
इधर प्रधानाचार्य ने बताया कि वीडियो शनिवार का है। इस दिन बैगलेस डे भी होता है। ऐसे में वे स्कूल में बच्चों को एनईपी 2020 के तहत योग सिखा रहे थे। यह संतुलन, शक्ति और मानसिक एकाग्रता को बेहतर बनाने में मदद करता है, लेकिन इस दाैरान एक ग्रामीण ने गलतफहमी में वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। संवाद