फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा- राज्य का कर्ज चुकाना है, काम का मौका दें

Sun, 05 Feb 2017 02:04 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/ मेरठ
विज्ञापन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
विज्ञापन
उप्र चुनाव में मेरठ से रैली के जरिए प्रचार अभियान का आगाज करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश को ‘स्कैम’ से मुक्ति दिलानी होगी। उन्होंने कहा कि जब तक ‘स्कैम’ (एससीएएम) यानि समाजवादी पार्टी, कांग्रेस, अखिलेश, मायावती से यूपी मुक्त नहीं होगा, यहां की जनता सुख चैन से नहीं बैठेगी। बोले कि यूपी ने ही उन्हें प्रधानमंत्री बनाया है और वह यूपी का कर्ज उतारना चाहते हैं पर यह तभी संभव होगा जब यूपी में भी सरकार बदले। उन्होंने कानून व्यवस्था पर प्रहार करने के साथ-साथ कांग्रेस और सपा के गठबंधन पर भी सवाल उठाए।
विज्ञापन

जो लोग खुद को नहीं बचा सकते वो यूपी को क्या बचाएंगे

भाषण देते पीएम मोदी
शनिवार को मेरठ के शताब्दी नगर मैदान में आयोजित विजय शंखनाद रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने विरोधियों पर जमकर निशाना साधा। कहा कि यूपी केलिए भले ही वह कितना भी अच्छा करना चाहें पर यहां की सपा सरकार रुकावट पैदा करती है। जब तक लखनऊ से इन्हें नहीं हटाया जाएगा, यूपी का भाग्य बदलने वाला नहीं है। बोले कि पश्चिमी उप्र विकास का द्वार है। मेरठ में कई बड़े उद्योग हैं पर विडंबना यह है कि आज यहां सामान्य नागरिक भी शाम को घर वापस लौट आए, इसकी गारंटी नहीं। हत्या, लूट, गुंडागर्दी, जमीनों पर कब्जे, माफिया गिरी से पूरा प्रदेश त्रस्त है। उन्होंने सपा कांग्रेस गठबंधन पर निशाना साधा कि जो गांव गांव जाकर एक दूसरे  को गालियां दे रहे थे, रातों रात एक हो गए। ऐसा गठबंधन पहली बार देखा कि एक दूसरे को खत्म करने का सपना देखने वाले अब एक होकर बचाओ बचाओ कर रहे हैं। जो खुद को नहीं बचा सकते वह प्रदेश को क्या बचाएंगे? इन्होंने माफियाओं को टिकट दे डाले। बोले कि यह चुनाव ‘स्कैम’ के खिलाफ भाजपा की लड़ाई है।    

मतदाताओं का मन टटोलने की कोशिश की।

भाजपा समर्थक
अपने एक घंटे के भाषण में मोदी ने फिर से सपा सरकार को कटघरे में खड़ा किया। कहा कि केन्द्र सरकार ने वर्ष 2014- 2015 में  गरीबों के इलाज के लिए आरोग्य सेवाओं में यूपी सरकार को चार हजार करोड़ रुपये दिए पर सपा सरकार ने इसमें से मात्र ढाई हजार करोड़ खर्च किया। 2015-2016 में सात हजार करोड़ दिए पर इसमें से अभी 28 सौ करोड़ से ज्यादा खर्च नहीं हो पाए। जानबूझकर केवल अपने वोट बैंक के लोगों को ही इस रकम का लाभ दिया जो शर्म की बात है। अमृत योजना के तहत यूपी सरकार को 72 सौ करोड़ रुपये दिए पर अभी तक यूपी ने खर्च किए मात्र चार सौ करोड़। इसी तरह से स्वच्छ भारत अभियान केतहत 950 करोड़ में से केवल चालीस करोड़ खर्च किए। बोेले कि ये तो अनाप शनाप ढंग से पैसा निकाल लेते पर मोदी पाई पाई का हिसाब लेगा, यह सोचकर इस काम को अंजाम नहीं दे पाए। कहा कि उन्हाेंने वर्ष 2022 तक सभी लोगों को घर देने का बीड़ा उठाया। प्रदेश सरकार से पात्रों की सूची मांगी पर सूची तब दी गई जब केन्द्र सरकार ने सीधे आवेदन लेने शुरू कर दिए। कभी चाचा तो कभी भतीजा, बस इसी परिवारवाद में लगे हैं।

लोकसभा और विधानसभा चुनावों में हालात अलग-अलग

मोदी की रैली में भारी भीड़
मोदी ने किसानों की बात की। बोले कि उप्र भाजपा ने वायदा किया है कि सरकार बनते ही लघु सीमांत किसानों का फसल कर्ज माफ कर दिया जाएगा। बोले कि वह वचन देते हैं कि दिल्ली से इस पर निगाह रखेंगे। गन्ने का भुगतान पेराई सत्र में ही 14 दिन केभीतर करने का वायदा किया। बोले कि जब केन्द्र में  भाजपा की सरकार बनी किसानों का गन्ने का 22 हजार करोड़ रुपया गन्ना बकाया था। 99 प्रतिशत बकाया भुगतान उन्होंने कराया। 32 लाख किसानों के खाते में सीधा पैसा गया। बोले, यूपी सरकार बताए कि आखिर छह मिलें किसानों का पैसा नहीं दे रही है और सरकार चुप क्यों है? जिन प्रदेश में भाजपा की सरकारें है वहां गेहूं और धान जैसी 60 प्रतिशत फसल सरकार खरीदती है जबकि यूपी में मात्र तीन प्रतिशत फसल ही सरकार खरीद रही है।

कानून-व्यवस्था और पलायन रहा मुद्दा

भाषण देते पीएम मोदी
मोदी बोले कि पहले दुश्मन भारतीय सैनिकों के सिर काटकर ले जाते थे और अपने बहादुर जवान बंदूक हाथ में होेते हुए भी कुछ नहीं कर पाते थे। कहा कि अब फौज ने पाकिस्तान की धरती पर जाकर सर्जिकल स्ट्राइक के जरिए पाई पाई का हिसाब ले डाला। इससे सभी बड़े देश भी चकित रह गए।सेना दुर्बल नहीं है। अगर फैसले मजबूत होंगे तो सेना इसी तरह का पराक्रम दिखा सकती है। रिटायर सैनिकों के लिए उन्होंने वन रैंक वन पेंशन लागू किया। बोले कि वह तो दीवाली भी सीमा पर सैनिकों के साथ मनाते हैं। उन्होंने कहा कि विरोधियों ने सेना के पराक्रम पर भी सवाल उठा दिया। विरोधियों को तो दुख इस बात का  था कि इतने बड़े आपरेशन में भी किसी भारतीय सैनिक की जान क्यों नहीं गई? ऐसे लोगों को राजनीति का कोई हक नहीं।
विज्ञापन

टिकट बेचकर नोटों से कमरे भरे थे।

मोदी समर्थक
नोटबंदी से सत्तर साल तक जमा किया गया धन बैंक में जाने को मजबूर हो गया। टिकट बेचकर नोटों से कमरे भरे थे। बोले कि कहा था पचास दिन जनता परेशानी भुगत ले। फिर काला धन रखने वाले भुगतेंगे। अब यही हो रहा है। पैसे का हिसाब मांगा जा रहा है। बैंक अधिकारी तक जेल जा रहे हैं। कर्नाटक में कांग्रेस के मंत्री के यहां से 150 करोड़ रुपये पकड़े गए पर उसे अभी तक मंत्री  पद से नहीं हटाया है।  बोले कि मैं जानता था कि इस काम से ये मेरे दुश्मन बन जाएंगे। अब सारे मिलकर तूफान खड़ा कर रहे हैं पर कुछ नहीं होगा। जब तक मैं हूं, न चैन से बैठूंगा न बैठने दूंगा। इससे पूर्व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य तथा सांसद राजेन्द्र अग्रवाल ने भी मंच से विरोधियों पर निशाना साधा। मंच पर केन्द्रीय राज्य मंत्री डा. संजीव बालियान, सांसद सतपाल सिंह, सांसद कुंवर भारतेन्द्र, प्रदेश महामंत्री स्वतंत्र देव, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, संगीत सोम, सत्यप्रकाश अग्रवाल, पूर्व विधायक रविन्द्र भड़ाना तथा सभी 18 सीटों के प्रत्याशी मौजूद रहे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें