विवादित कब्रिस्तान के रास्ते को समतल करती जेसीवी मशीन फोटो संवाद
जानीखुर्द। गांव कलंजरी में बुधवार रात कुछ दबंग लोगों ने कब्रिस्तान की जमीन पर कब्जा कर रास्ता बना लिया। इसका पता ग्रामीणों को बृहस्पतिवार की सुबह चला। कब्जा करने की सूचना पुलिस को दी गई। थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कब्रिस्तान की जमीन से अवैध कब्जा हटवाया। पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को हिरासत में भी लिया है।
गांव कलंजरी में स्थित कब्रिस्तान की जमीन के नजदीक कुछ लोगों की खेती की जमीन है। वह काफी समय से कब्रिस्तान की जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। कुछ दिन पूर्व भी कब्रिस्तान की भूमि पर कब्जे का प्रयास किया था। ग्रामीणों द्वारा विरोध करने पर वह कब्जा नहीं कर पाए थे। बुधवार रात आरोपी दबंगों ने कब्रिस्तान की भूमि पर कब्जा कर रास्ता तैयार कर लिया। बृहस्पतिवार की सुबह ग्रामीणों को इसका पता चला तो उनमें घटना को लेकर रोष छा गया। ग्रामीण कब्जा करने के विरोध में मौके पर हंगामा करने लगे। कब्रिस्तान की भूमि पर कब्जे की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच के बाद बनाए गए रास्ते को जेसीबी से समतल कराकर कब्जा मुक्त कराया। ग्राम प्रधान महाराज सिंह ने बताया कि जमीन से पुलिस ने कब्जा हटवा दिया है। तहसील की टीम भी मौके पर पहुंची थी।