*सनौता गांव में लगाए गए ट्रैप कैमरे कैद हुई गीदड़ की तस्वीर स्रोत वन विभाग
- तेंदुए की तलाश में पांचवें दिन भी जुटी वन विभाग टीम, ग्रामीणों में दहशत बरकरार
संवाद न्यूज एजेंसी
फलावदा। क्षेत्र के गांव सनौता में गत शुक्रवार देर रात कब्रिस्तान में तेंदुए के देखे जाने के बाद से वन विभाग की टीम लगातार सर्च अभियान चला रही है, लेकिन पांचवें दिन भी तेंदुए का कोई सुराग नहीं लग सका है। तेंदुए की संभावित मौजूदगी से सनौता और झिंझाड़पुर गांव के ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय खेतों और गांव के बाहरी इलाकों में आवाजाही करना मुश्किल हो गया है। लोग समूह में ही बाहर निकल रहे हैं और बच्चों को घरों के अंदर ही रहने की हिदायत दी जा रही है। तेंदुए की दहशत के चलते ग्रामीणों की दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है।
वन विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एक रैपिड रिस्पांस टीम तैनात की है, जो दोनों गांवों के साथ-साथ आसपास के जंगलों में लगातार 24 घंटे निगरानी कर रही है। टीम द्वारा सर्च ऑपरेशन के तहत ट्रैप कैमरे और पिंजरे लगाए गए हैं, ताकि तेंदुए की गतिविधियों का पता लगाया जा सके। हालांकि अब तक लगे ट्रैप कैमरों में तेंदुए की कोई तस्वीर कैद नहीं हुई है। सनौता में लगाए गए एक कैमरे में गीदड़ की तस्वीर जरूर सामने आई है।
वन क्षेत्राधिकारी खुशबू उपाध्याय ने बताया कि टीम लगातार निगरानी बनाए हुए है और सर्च अभियान जारी है। रात के समय गांव के आसपास गश्त बढ़ा दी गई है। उन्होंने ग्रामीणों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग को देने की अपील की है।