- त्रिनेत्र धाम मंदिर में चल रहा पंच दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा समारोह
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। बिजली बंबा बाईपास रोड स्थित ग्रेंड डे सोसायटी में चल रहे त्रिनेत्र धाम मंदिर के पंच दिवसीय समारोह के दूसरे दिन नवनिर्मित देव मूर्तियों का विधिवत अन्नाधिवास कराया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सर्वतोभद्र मंडल, क्षेत्रपाल मंडल, वास्तु मंडल, पंचांग पीठ एवं चौसठ योगिनी मंडलों की स्थापना और पूजन से हुई। इसके पश्चात मां ज्वाला देवी का पूजन कर मुख्य धार्मिक अनुष्ठान प्रारंभ किया गया। अनुष्ठान के अंतर्गत देव प्रतिमाओं को गेहूं, धान, दाल और चावल जैसे अन्न के भंडार में स्थापित कर अन्नाधिवास की प्रक्रिया पूरी की गई।
मुख्य आचार्य कौशल वत्स ने श्रद्धालुओं को प्राण प्रतिष्ठा के महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि मंत्रों की शक्ति से मूर्ति में देवत्व का प्रवेश होता है। इससे वह पूजन के योग्य एवं फलदायी बनती है। उन्होंने बताया कि अन्नाधिवास प्रक्रिया मूर्ति में पृथ्वी तत्व की स्थापना, स्थिरता और जीवन ऊर्जा प्रदान करने का महत्वपूर्ण वैदिक अनुष्ठान है। यह प्रक्रिया जलाधिवास के बाद तथा अन्य अधिवासों से पूर्व संपन्न होती है और नेत्र उद्घाटन से पहले प्रतिमा को सजीव करने का अहम चरण मानी जाती है।
संध्या काल में सोसायटी निवासियों द्वारा सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ एवं संकीर्तन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का समापन महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ। दूसरे दिन के मुख्य यजमानों में मुकेश अग्रवाल, जितेंद्र शर्मा, गौरव जी, दिनेश कंसल, दिनेश शर्मा, अमित सिंघल, सोमांक रस्तोगी, सोनिया शर्मा एवं संयम ढाल शामिल रहे। अनुष्ठान का संचालन आचार्य कौशल वत्स के मार्गदर्शन में आचार्य अमर कौशिक, आचार्य सुमित शर्मा, पंडित लक्ष्यराज द्वारा किया गया।