कई वार्डों में सड़क, नाली और इंटरलॉकिंग निर्माण कार्य होंगे, मिलेगी राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। नगर पंचायत ने कई वार्डों में सड़क, नाली और इंटरलॉकिंग निर्माण कार्यों को गति देते हुए 19 विकास परियोजनाओं पर काम शुरू करा दिया है। करीब एक करोड़ रुपये की लागत से वार्ड संख्या एक से 15 तक सीसी सड़क, आरसीसी सड़क, इंटरलॉकिंग टाइल्स और नाली निर्माण के कार्य कराए गए हैं।
नगर पंचायत के अनुसार राज्य वित्त आयोग योजना के अंतर्गत विभिन्न वार्डों में लंबे समय से लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया गया है। निर्माण कार्य शुरू होने से स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि बरसात के दिनों में जलभराव, टूटी सड़कों और गड्ढों के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। कई स्थानों पर पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता था। सड़क निर्माण और चौड़ीकरण कार्य पूरा होने के बाद यातायात व्यवस्था बेहतर होगी तथा लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
सिविल लाइन कॉलोनी निवासी हरीश कुमार, ललित, राजू नारंग और गोल्डी ने नगर पंचायत का आभार जताते हुए कहा कि उनके मोहल्ले की सड़क लंबे समय से जर्जर अवस्था में थी। कई बार मांग उठाने के बाद अब निर्माण कार्य शुरू हुआ है, जिससे क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराया जाएगा। नगर पंचायत चेयरपर्सन सुधा खटीक ने बताया कि नगर के सभी वार्डों में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है।