संवाद न्यूज एजेंसी
लावड़। कस्बे के वार्ड-2 के मोख्खर तालाब के सुंदरीकरण कार्य की आड़ में तालाब की मिट्टी बेची जा रही है। आरोप है कि सुंदरीकरण के नाम पर तालाब की जेसीबी से खुदाई कर रात के अंधेरे में मिट्टी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से उठाकर निजी कॉलोनियों में प्लॉटों की भराई कराई जा रही है। मामले की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज कराई गई है।
भाजपा नेता मोहन सैनी ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज शिकायत में आरोप लगाया है कि नगर पंचायत की ओर से मोख्खर तालाब के सुंदरीकरण का कार्य कराया जा रहा है। कार्य के दौरान तालाब से बड़ी मात्रा में मिट्टी निकाली जा रही है। आरोप है कि यह मिट्टी निर्धारित स्थान पर न डालकर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से निजी कॉलोनियों और प्लॉटों में पहुंचाई जा रही है। उन्होंने बताया कि सरकारी मिट्टी को बेचकर नियमों के विपरीत राजस्व की हानि की जा रही है।