बदमाशों ने दूध व्यापारी से मारपीट कर नकदी लूटी
खरखौदा। मेरठ से अपने रिश्तेदारों के साथ बाइक पर लौट रहे दूध व्यापारी को बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर रोक लिया तथा उसके साथ मारपीट करते हुए 20 हजार रुपये लूट लिए। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। लेकिन 36 घंटे के बाद भी पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया है। पीड़ित ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत करने की बात कही है।
गांव गोविंदपुरी निवासी मोहम्मद शमी पुत्र शकरूद्दीन मंगलवार सुबह बाइक पर दूध लेकर मेरठ गया था। दूध डेयरी पर डालने के बाद वह मेरठ में ही फतेहउल्लापुर रोड पर काला आम स्थित मामा नफीस के घर पहुंचा। दोपहर में उसके साथ दूसरी बाइक पर मामा नफीस व मामी रिहाना भी गोविंदपुरी के लिए चल दिए। जब वह फफूंडा में ग्रैंड हैवन्स मैरिज होम के सामने पहुंचे तो पीछे से तीन बाइक पर सवार पांच लोग उनके पास पहुंचे। उन्होंने शमी को गन प्वाइंट पर ले लिया और उसके साथ मारपीट की। शमी से 20 हजार रुपये भी लूट लिए। पीड़ित ने मंगलवार दोपहर में ही पुलिस को तहरीर दे दी थी। लेकिन 36 घंटे बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।