सरधना में पुजारी के घर में घुसे बदमाश, तमंचे के बल पर की लूटपाट
सरधना। मोहल्ला प्रभात नगर में रविवार सुबह एक पुजारी के घर में घुसे हथियारबंद बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित के अनुसार, बदमाश हजारों की नगदी और जेवरात लेकर फरार हो गए। सूचना पर पुलिस पहुंची ने वारदात की जानकारी लेकर मुकदमा दर्ज किया है।
मूलरूप से उत्तराखंड के पौड़ी गढवाल निवासी पुजारी सूर्यमोहन पुत्र जयनंद अमोली काफी समय से मोहल्ला प्रभात नगर में रहते हैं। रविवार सुबह वह घर पर थे। करीब आठ बजे तीन बदमाश उनके मकान में घुसे और पुजारी को बंधक बना लिया। इसके बाद पुजारी से अलमारी की चाभी लेकर उसमें रखी हजारों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए।
बाद में पुजारी के शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए। सुबह-सुबह लूट की सूचना पर थानाध्यक्ष ब्रिजेश कुमार और सीओ आरपी शाही मौके पर पहुंचे। पुजारी ने उन्हें वारदात के संबंध में तहरीर दी। थानाध्यक्ष ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच कराई जा रही है। जल्द बदमाश पकड़े जाएंगे।