गन्ना क्रय केंद्र पर बदमाशों का धावा, चौकीदार को गन प्वाइंट पर लेकर लूटे बाट
सरधना। दौराला चीनी मिल के दबथुवा गढ़ी और भलसोना गन्ना क्रय केंद्रों पर शुक्रवार रात आधा दर्जन से अधिक हथियार बंद बदमाशों ने धावा बोल दिया। जिसमें उन्होंने दोनों ही गन्ना क्रय केंद्रों पर चौकीदारों को गन प्वाइंट पर लेकर 50-50 किलो के 10 क्विंटल के बाट लूट लिए। शनिवार को थाने पहुंचे चीनी मिल के फील्ड ऑफिसर को पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने की बजाए टरका दिया।
शुक्रवार रात भलसोना के गन्ना क्रय केंद्र के चौकीदार श्यामसुंदर व दबथुवा गढ़ी गन्ना क्रय केंद्र के चौकीदार तेजपाल को बंधक बनाकर बदमाशों ने उन्हें गन प्वाइंट पर ले लिया। बदमाशों ने दोनों गन्ना क्रय केंद्रों से करीब 10 कुंतल वजन के बाट लूट लिए। बदमाश जाते-जाते जान से मारने की धमकी दे गए। बदमाशों के जाने के बाद चौकीदारों की सूचना पर चीनी मिल के फील्ड ऑफिसर भगतलाल ने पुलिस को सूचना दी। शनिवार को थाने में तहरीर दी गई। भगतलाल का कहना है कि पुलिस ने तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज नहीं की और उन्हें थाने से टरका दिया।
उन्होंने बताया कि यह पहली घटना नहीं है कि पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज न की। इससे पूर्व एक पखवाडे़ में महादेव, नानू में गन्ना क्रय केंद्र ए व गन्ना क्रय केंद्र बी भलसोना सी, ईकडी समेत सात गन्ना क्रय केंद्र पर लूटपाट की घटनाएं हो चुकी हैं। लेकिन पुलिस ने एक मामले में भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। सात गन्ना क्रय केंद्रों से 65 बाट लूटे जा चुके हैं, जिनकी कीमत करीब दो लाख रुपये से अधिक है।
मामले की जानकारी नहीं
सरधना थानाध्यक्ष ब्रिजेश कुमार सिंह, का कहना है कि थाने पर बाट लूट की तहरीर दिए जाने की जानकारी नहीं है। यदि कार्यालय में तहरीर दी है तो जानकारी कर कार्रवाई कराई जाएगी।