शामली के कांधला में गन्ना विकास राज्य मंत्री सुरेश राणा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी गौतम पंवार की मौत पर दुख प्रकट किया है। पीड़ित परिवार को प्रदेश सरकार की तरफ से हरसंभव मदद दिलाई जाएगी। आर्थिक सहायता के तौर पर पीड़ित परिवार को 20 लाख रुपये दिलाए जाएंगे। कहा कि शहादत की कोई कीमत नहीं लगाई जा सकती है, लेकिन दुख की इस घड़ी में प्रदेश सरकार गौतम पंवार के परिवार के साथ खड़ी है। वहीं, सांसद हुकुम सिंह का कहना था कि गौतम की मौत बेहद कष्टदायक है। क्योंकि छोटे से परिवार में जन्मे इस होनहार ने कड़ी मेहनत से पढ़ाई कर अपना भविष्य संवारा, लेकिन हादसे ने सब कुछ छीन लिया। इनके अलावा सपा एमएलसी वीरेंद्र सिंह, सपा विधायक नाहिद हसन, भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत आदि ने गौतम पंवार की मौत पर गहरा दुख प्रकट किया। उनका कहना था कि दुखद घटना पर हर व्यक्ति पीड़ित परिवार के साथ है।
पढ़ें : नम आंखों से गौतम को अंतिम विदाई, मां का रो-रोकर बुरा हाल, गांव में पसरा मातम
फूट-फूटकर रोये गौतम के बचपन के दोस्त
फूट-फूटकर रोये गौतम के दोस्त
- फोटो : अमर उजाला
फ्लाइट इंजीनियर गौतम पंवार की मौत से उसके बचपन के दोस्त भी गमजदा हैं। रविवार को जब गौतम का शव एलम पहुंचा, तो उसके मित्र भी वहां मौजूद थे। उसके दोस्त गौरव, अमित और राजीव ने बताया कि गौतम के साथ 10 वर्ष तक शिक्षा ग्रहण की। उसके साथ बिताया गया एक एक पल हम कभी नहीं भूल सकते। उनका कहना था कि गौतम शांत स्वभाव वाला था। वह अपनी जरूरतों से ज्यादा दूसरो को खुशी देने में विश्वास रखता था। गौतम को क्रिकेट खेलना बहुत पसंद था, पढ़ाई में वह शुरुआत से ही होशियार था। बगैर ट्यूशन के ही उसने अपनी पढ़ाई पूरी की और अच्छे अंकों से उत्तीर्ण होता था। एयरफोर्स में नौकरी लगने के बाद भी वह सादा जीवन जीता था। सस्ता सा मोबाइल फोन ही अपने पास रखता था। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पूर्व एक मित्र की शादी में जब गौतम नहीं पहुंचा था, तो अन्य मित्र नाराज हो गए थे। मित्रों ने कहा था कि अब गौतम से बात नहीं करेंगे, लेकिन उन्हें क्या पता था कि किस्मत को कुछ और ही मंजूर है और उनका अजीज दोस्त हमेशा के लिए उनसे दूर चला गया।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/