मेरठ में बदमाशों की कमर तोड़ने के लिए शनिवार देर रात एसपी सिटी ने पूरे शहर की पुलिस और पीएसी के साथ लिसाड़ीगेट क्षेत्र की घेराबंदी की। पुलिस ने एक दर्जन संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। रात में पुलिस फोर्स की घेराबंदी के बाद लोगों में अफरा तफरी मच गई। पुलिस को कई घरों में अवैध हथियारों के रखे होने की भी सूचना मिली थी।
एसपी सिटी मानसिंह चौहान, सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला, सीओ ब्रहमपुरी अखिलेश भदौरिया, सीओ सिविल लाइन चक्रपाणि त्रिपाठी, 14 थाना प्रभारी, महिला पुलिस और पीएसी के साथ इस्लामाबाद पहुंचे। पुलिस ने वाहन लुटेरे शाकिब के बारे में पूछताछ की तो पता चला कि शाकिब एटा में ट्रक चलाता है। पुलिस ने साकिब के एक भाई को थाने भेज दिया। उसके बाद पुलिस ने मेवगढ़ी में भी कई घरों में दबिश दी। मेवगढ़ी में एक युवक के पास से तमंचा मिला तो पुलिस ने युवक को घसीटकर जीप में डालकर थाने भेज दिया। अलग अलग स्थानों से पुलिस ने 11 लोगों को हिरासत में लिया है। देररात्रि तक पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही थी। तीन हिस्ट्रीशीटर फरार मिले, लेकिन पूछताछ के लिए उनके परिजनों को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया।
पढ़ें : प्रेमिका के सहारे 50 हजार के इनामी तक पहुंची STF, मुठभेड़ में ढेर