संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। राज्य मंत्री दिनेश खटीक ने सिंचाई और किसानों की समस्याओं को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजकर समस्याओं के समाधान निर्देश दिए हैं।
परीक्षितगढ़ के राजपुर, खटकी, बढ़ला, अहमदपुरी और अतलपुर आदि गांवों के किसानों ने शिकायत की थी कि परीक्षितगढ़ से गढ़मुक्तेश्वर तक जाने वाले गढ़ रजबहा में पानी का बहाव असंतुलित रहता है। रजबहा में दो फीट पानी छोड़ने पर किसानों के कुलाबों से पानी नहीं निकलता, जिससे फसलें सूख जाती हैं। वहीं दो फीट से अधिक पानी चलाने पर रजबहा जगह-जगह से टूट जाता है। किसानों ने शाहजहांपुर में रेगुलेटर बनाकर फालतू पानी को गंगा में गिरने वाली नहर में छोड़ने का सुझाव दिया है, जिस पर मंत्री ने आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है।
साथ ही बढ़ला में गढ़ रजबहा के दोनों तरफ पक्की पटरियों का निर्माण कराने के निर्देश दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उनके खेतों और मंदिर के सामने से गुजरने वाला यह रजबहा वर्तमान में कच्चा है। चौड़ाई घटने और अतिक्रमण होने के कारण यह एक गंदे नाले जैसा प्रतीत होता है। इससे आसपास काफी गंदगी फैलती है। ग्रामीणों की मांग पर मंत्री ने रजबहा को दोनों तरफ पक्का कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने के लिए कहा है।