लावड़। खरदौनी गांव में रविवार को सड़क निर्माण के लिए रोड़ी व सीमेंट पहुंच जाने के कारण सोमवार से खरदौनी से मसूरी तक मार्ग बंद कर दिया जाएगा।
बताते चले कि दौराला से मसूरी तक सड़क में गहरे गड्ढे होने के कारण पीडब्लूडी द्वारा सड़क निर्माण कार्य शुरू किया गया था। खरदौनी गांव में सीसी रोड का निर्माण कार्य सोमवार से शुरू होगा। रविवार को गांव में सीसी रोड के लिए सीमेंट व रोड़ी आदि सामग्री पहुंचाई गई। पीडब्ल्यूडी जेई संदीप शर्मा ने बताया कि सोमवार(आज) से खरदौनी से मसूरी तक रास्ता बंद कर दिया जाएगा। रास्ता करीब पंद्रह दिन बंद रहेगा।
यह रूट अपनाए - मसूरी जाने वाले लोग सकौती से फलावदा होते हुए व लावड़-सोफीपुर मार्ग स्थित उल्देपुर से होते हुए गंगानगर के रास्ते जा सकेंगे। परंतु देदवा गांव में सीसी रोड का निर्माण होने के चलते मार्ग बंद पड़ा है। ऐसे में लावड़ से मसूरी जाने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। दरअसल फलावदा से होते हुए रास्ता लंबा पड़ेगा।