मवाना(मेरठ)। बिना पुलिस की मदद के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक व्यक्ति ने तीन घंटे की मेहनत से दो बाइक चोरों को ढूंढ निकाला। बाद में आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बाइक को गन्ने के खेत से बरामद कर लिया।
हुआ यूं कि मोहल्ला मुन्नालाल निवासी साजिद पुत्र उमर फारुख मंगलवार को बाइक पर दवा दिलाने के लिए सीएचसी गया था। बाइक को बाहर लॉक कर करके इलाज के लिए चिकित्सक के पास चला गया। जब वापस लौटा तो बाइक वहां नहीं थी। पीड़ित बिना देर किए सीएचसी में लगे कैमरों के कंट्रोल कक्ष में पहुंच गया, जहां उसने सीसीटीवी फुटेज देखी। फुटेज में दो युवक बाइक को ले जाते दिखाई दिए। जिसके बाद अपने परिचितों को बुला लिया तथा बाइक चोरी करने वाले दोनों युवकों की तलाश में लग गया। लगभग तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बाइक चोरी करने वाले दोनों युवक नालंदा कालोनी के पास घूमते दिखाई दिए। जिस पर पुलिस को सूचना देकर बुला लिया तथा दोनों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने दोनों युवकों की निशानदेही पर मुबारिकपुर रोड पर गन्ने के खेत से चोरी की गई बाइक को बरामद कर लिया। दोनों युवक मोहल्ला काबली गेट के रहने वाले हैं। समाचार लिखे जाने तक पुलिस दोनों बाइक चोरों से पूछताछ करने में जुटी थी।