मंदिर के लाउड स्पीकर करेंगे कोरोना के प्रति जागरूक
- मंदिरों में अब भजनों के साथ बजेगी जिला प्रशासन की चेतावनी
मेरठ। घर से बाहर मास्क लगाकर निकलें। जिला प्रशासन द्वारा जारी इस चेतावनी को मंदिर लोगों तक पहुंचाएंगे। शहर के सभी मंदिरों में अब चेतावनी हर पांच मिनट में गूंजेगी। धार्मिक धुनों के बीच इस चेतावनी को मंदिरों के लाउडस्पीकर के माध्यम से मंदिर में आने वाले भक्तों और क्षेत्रीय लोगों को सुनाया जाएगा। जिला प्रशासन ने यह कदम लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से चलाया है।
कोरोना को हर हाल में हराने के लिए जिला प्रशासन ने कई जागरूकता अभियान की शुरुआत की है। इसमें सामाजिक संगठन निरंतर लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क लगाने के लिए जागरूक कर रहे हैं। अब डीएम के आदेश के बाद सात मिनट की रिकार्डिंग मंदिर के लाउडस्पीकरों से गुजेंगी। मंदिर समितियां के माध्यम से यह मंदिर में सुबह और शाम हर पांच मिनट के अंतराल में बजाई जाएगी। डीएम अनिल ढींगरा ने कहा कि इस चेेतावनी से लोग मास्क लगाने और सोशल डिस्टेंसिंग के प्रति जागरूक होंगे। मंदिर समितियों के अनुसार मंदिर के पुजारी और मंदिर में तैनात अन्य कर्मचारी भी लोगों को मास्क लगाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। मास्क लगाए बिना किसी को भी मंदिर में आने की अनुमति नहीं है।
लाउडस्पीकर में सुनाई देगा यह आदेश
जिला प्रशासन की सभी नागरिकों को चेतावनी। घर से बाहर मास्क लगाकर निकलें। मुंह पर अगर मास्क या गमछा नहीं लगा होगा तो देना होगा जुर्माना। बाजार में बहुत आवश्यक होने पर ही जाएं। इन भयंकर हालातों में भीड़ का हिस्सा न बनें। मास्क लगाने के लिए अन्य लोगों को भी जागरूक करें। कोरोना को अगर हराना है तो मास्क लगाना जरूरी है। यह ऑडियो सात मिनट का होगा जिसे मंदिर में पूजन के दौरान बजाया जाएगा।