दौराला - जहरीली शराब से मरने वाले तीनों मृतकों के घर पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बाल
- फोटो : samvad
जनप्रतिनिधियों ने दी सांत्वना, न्याय का भरोसा
संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। बाबूराम प्रजापति, अंकित और जितेंद्र का शनिवार को गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया। जैसे ही पोस्टमार्टम के बाद शव कस्बे में पहुंचे कोहराम मच गया। अंतिम यात्रा में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान जहां हर आंख नम थी और सभी के चेहरे पर प्रशासन के खिलाफ आक्रोश साफ झलक रहा था।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए क्षेत्र के प्रमुख जनप्रतिनिधि पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचे। पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान और सपा विधायक अतुल प्रधान ने मृतकों के घर जाकर परिजनों को ढांढस बंधाया। डॉ. संजीव बालियान ने कहा कि यह एक हृदयविदारक घटना है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाना चाहिए। विधायक अतुल प्रधान ने पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का आश्वासन देते हुए प्रशासन से इस पूरे खेल के पीछे छिपे सफेदपोशों पर भी कार्रवाई की मांग की।
ठेका सील, रिपोर्ट का इंतजार
शराब से हुई इन संदिग्ध मौतों के बाद प्रशासन ने एहतियातन संबंधित देशी शराब के ठेके को सील कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विसरा और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही जहरीले तत्वों की सटीक पुष्टि हो पाएगी। बंटी जीरा और अन्य बरामद पाउच की फॉरेंसिक जांच तेज कर दी गई है। अवैध शराब के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए दबिश दी जा रही है।
कस्बे में सन्नाटा और सुलगता गुस्सा
अंतिम संस्कार के बाद पूरे दौराला कस्बे में सन्नाटा पसरा हुआ है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि केवल ठेका सील करना समाधान नहीं है बल्कि उन जिम्मेदारों पर भी गाज गिरनी चाहिए जिनकी नाक के नीचे यह मौत का सामान बिक रहा था। ग्रामीण अब आर-पार की लड़ाई और अवैध शराब के पूर्ण खात्मे की मांग पर अड़े हैं। प्रशासन के आश्वासनों के बीच अब सबकी नजरें आगामी पुलिसिया कार्रवाई पर टिकी हैं।