मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) ने अंग्रेजी और आनुवंशिकी एवं पादप प्रजनन विभागों में सहायक आचार्य के रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए आयोजित की जाने वाली लिखित परीक्षा की तारीख बदल दी है। सहायक आचार्य पदों की लिखित परीक्षा 19 अप्रैल को प्रस्तावित थी मगर उत्तर प्रदेश उच्च शिक्षा सेवा आयोग की सहायक आचार्य स्क्रीनिंग परीक्षा निर्धारित होने के कारण अब नई तिथि घोषित कर दी है। अब यह परीक्षा 26 अप्रैल (रविवार) को ऑनलाइन माध्यम से की जाएगी। प्रवेश पत्र विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.ccsuniversity.ac.in पर उपलब्ध होंगे। अभ्यर्थी वेबसाइट पर जाकर अपना प्रवेश-पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। डीएसडब्लू भूपेंद्र सिंह ने कहा की परीक्षा केंद्र का नाम और परीक्षा का समय प्रवेश पत्र पर ही अंकित होगा। अभ्यर्थियों से अनुरोध किया गया है कि नवीनतम अपडेट के लिए नियमित रूप से विश्वविद्यालय की वेबसाइट देखते रहें। यह बदलाव अभ्यर्थियों को दो परीक्षाओं के बीच होने वाले टकराव से बचाने के लिए किया गया है। संवाद