ऋण अदायगी नहीं करने पर कुर्क किया मकान
- 10 दिन पूर्व मकान मालिक को दी थी धनराशि जमा करने की चेतावनी
मवाना। ऋण अदायगी नहीं करने पर सोमवार को कैनरा बैंक की टीम ने मोहल्ला कल्याण सिंह में एक व्यक्ति के मकान को कुर्क कर लिया। बैंक अधिकारियों ने मकान को सीलकर संपत्ति बैंक की होने का नोटिस चस्पा कर दिया है।
मोहल्ला कल्याण सिंह निवासी इकरामुद्दीन ने 2015 में 15 लाख रुपये का ऋण लिया था। जिसके लिए मकान को बंधक रखा गया था। ऋण जमा नहीं कराने पर 2017 में बैंक द्वारा डिफॉल्टर घोषित कर दिया था। सोमवार को मुख्य शाखा प्रबंधक डीके सुमन, मवाना शाखा के प्रबंधक संजय कुमार त्यागी टीम के साथ थाने पहुंचे और फोर्स की मांग की। फोर्स के साथ बैंक अधिकारी मोहल्ला कल्याण सिंह स्थित मकान पर पहुंचे और मकान से सामान बाहर निकलवाकर कमरों में तालाबंदी कर दी। मुख्य गेट पर सील लगाकर उक्त संपत्ति बैंक की होने का नोटिस चस्पा कर दिया।
बैंक से इकरामुद्दीन ने ऋण लिया था। यह संपत्ति 2 सौ गज की है। इसमें तीन कमरे, रसोई व बरामदा बना हुआ है। 10 दिन पहले बैंक की टीम ने मकान पर नोटिस चस्पा किया था तथा 10 दिन में बकाया धनराशि जमा नहीं करने पर संपत्ति पर कब्जा लेने की चेतावनी दी थी। - संजय कुमार त्यागी, प्रबंधक, मवाना शाखा
स्टेट बैंक की मिनी शाखा से संचालक ने निकाले लाखों रुपये
- उपभोक्ताओं से नगद निकासी फार्म भरकर रखवा लेता था संचालक
- खाते से पैसे निकलने की जानकारी पर मुख्य शाखा में उपभोक्ताओं ने किया हंगामा
संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। क्षेत्र के सैफपुर करमचंदपुर गांव में स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा संचालक उपभोक्ताओं के लाखों रुपये लेकर फरार हो गया है। जानकारी पर पहुंचे उपभोक्ताओं ने पहले शाखा के गेट पर ताला लगाया और उसके बाद मुख्य शाखा हस्तिनापुर पहुंचे जहां उच्चाधिकारियों से शिकायत करते हुए हंगामा किया।
पीड़ित महिला ललिता, नफीसा, बालेश, सुमन, सरोज आदि ने बताया कि जब वह गांव स्थित बैंक शाखा में पैसे लेने जाती थी तो कैश्यिर उनसे नगद निकासी फॉर्म भरवाकर उनके फिंगर प्रिंट भी ले लेता था लेकिन कैश नहीं होने की जानकारी देकर पैसे नहीं देता था। बाद में वह उनके खातों से ट्रांजक्शन कर लेता था। जानकारी होने पर सोमवार को ग्रामीण शाखा में पहुंचे और वहां ताला लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस के सामने भी ग्रामीणों ने पैसे दिलाने की मांग को लेकर हंगामा किया। उसके बाद ग्रामीण हस्तिनापुर मुख्य शाखा पर पहुंचे जहां उन्होंने शाखा प्रबंधक से शिकायत करते हुए हंगामा किया। उपभोक्ताओं ने इसकी शिकायत एसडीएम से भी की है। उपभोक्ताओं ने पैसे वापस नहीं मिलने तक मिनी शाखा को नहीं चलने देने की चेतावनी दी है।
मुख्य शाखा प्रबंधक सुशील कुमार सिंह का कहना है कि मिनी शाखा चलाने वाले दो युवकों ने यह गड़बड़ी की है उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उच्च अधिकारियों को भी मामले से अवगत कराया गया है। शुक्रवार तक लोगों का पैसा वापिस किया जाएगा। वहीं गांव करमचंदपुर स्थित शाखा को भी बंद कर दिया गया है।