मवाना। मवाना खुर्द स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में राजकीय एवं अशासकीय माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के प्रबंधकीय कौशल और नेतृत्व क्षमता को मजबूत करने के लिए चल रहे तीन दिवसीय दक्ष हस्त पुस्तिका आधारित प्रशिक्षण का दूसरा दिन अत्यंत ज्ञानवर्धक रहा।
शुभारंभ डायट प्राचार्य मनोज कुमार आर्य ने किया। उन्होंने विद्यालयों को उत्कृष्ट शिक्षण केंद्र के रूप में विकसित करने और शिक्षा में नवाचार अपनाने पर बल दिया। डायट प्रवक्ता हेमलता ने तनाव प्रबंधन, सकारात्मक कार्य संस्कृति और मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने की परामर्श तकनीकों पर विचार व्यक्त किए। गौरव त्यागी ने शिक्षण अधिगम प्रक्रिया को रुचिकर बनाने के लिए नवीनतम शैक्षिक तकनीकों के प्रयोग की जानकारी दी। प्रशिक्षण प्रभारी एवं प्रवक्ता डॉ. धीरेंद्र सिंह ने विद्यालय और समाज के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए सामुदायिक दायित्वों को रेखांकित किया। डॉ. मंजीत खनूजा ने शैक्षणिक व प्रबंधकीय बाधाओं की समय रहते पहचान कर उनके त्वरित समाधान की युक्तियां साझा की। डॉ. धीरेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में संचालित प्रशिक्षण से प्रधानाचार्यों की कार्यप्रणाली में सुधार आएगा और जिले के शैक्षिक परिणामों में नई ऊर्जा का संचार होगा।