नगर में फ्लैग मार्च निकालते एसडीएम, सीओ थाना प्रभारी पुलिस फोर्स के साथ।
- फोटो : MAWANA
मवाना। नागरिक संशोधन कानून के विरोध में देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रही हिंसा को देखते हुए बृहस्पतिवार को कस्बे में देर शाम पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने नगर में फ्लैग मार्च निकाला। वहीं, धार्मिक गुरुओं एवं जनप्रतिनिधियों से लेकर ग्राम प्रधानों से वार्ता की। इस दौरान सभी जनप्रतिनिधियों ने नगर एवं देहात क्षेत्र में शांति का माहौल कायम रखने की अपील की। वहीं, उन्होंने पुलिस प्रशासन को स्थिति सामान्य बनाए रखने का आश्वासन दिया है।
डीएम अनिल ढींगरा एवं एसएसपी अजय साहनी के निर्देश पर एसडीएम ऋषिराज के नेतृत्व में सीओ संजीव देशवाल, इंस्पेक्टर विनय कुमार आजाद ने पुलिस फोर्स के साथ नगर की सुरक्षा का जायजा लिया तथा फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान शुक्रवार को होने वाली जुमे की नमाज को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखने के निर्देश जारी किए। पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने धार्मिक गुरुओं, नगर पालिका चेयरमैन अयूब कालिया एवं देहात क्षेत्र से जुड़े ग्राम प्रधानों से वार्ता की। धार्मिक गुरुओं एवं चेयरमैन अयूब कालिया ने नगर की स्थिति सामान्य रहने के साथ लोगों से शांति व्यवस्था कायम रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नगर के माहौल को बिगड़ने नहीं दिया जाएगा। एसडीएम ऋषिराज ने चेतावनी दी कि यदि किसी भी शरारती तत्वों ने अफवाह फैलाने की कोशिश की तो गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वहीं, एलआईयू भी पूरी तरह से सक्रिय रहे। हर गतिविधि पर खुफिया विभाग के लोग नजर रखे हुए हैं।
वहीं, समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं के मेरठ में आहूत प्रदर्शन में शामिल होने के लिए जाने से रोकने के लिए सीओ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मवाना खुर्द में वाहनों की चेकिंग की। हालांकि कोई कार्यकर्ता हाथ नहीं लग सका। डीएम अनिल ढींगरा एवं एसएसपी अजय साहनी के निर्देश पर मेरठ जेल चुंगी स्थित सपा कार्यालय पर सपाइयों के प्रदर्शन की जानकारी मिलने के बाद सीओ संजीव देशवाल के नेतृत्व में इंस्पेक्टर विनय कुमार आजाद ने पुलिस टीम के साथ मवाना खुर्द चौकी पर वाहन चेकिंग की। हालांकि कुछ सपाई पुलिस को चकमा देकर बाईपास पर बने रास्तों से निकलने में सफल रहे।
जामिया उलेमा हिंद का विरोध प्रदर्शन आज
सरधना। जामिया उलेमा हिंद के कार्यकर्ताओं ने तहसील मुख्यालय पहुंचकर शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन की बाबत एसडीएम से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि नमाज के बाद मुस्लिम समाज के लोग नागरिकता संशोधन कानून पर विरोध जताएंगे। वहीं, जिला एवं तहसील मुख्यालयों पर विरोध जताते हुए राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन अधिकारियों को सौंपेंगे। जिलाध्यक्ष कारी अमीर आजम ने बताया कि विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं, एसडीएम ने कानून का उलंघन्न नहीं करने की हिदायत दी। जिस पर सहमति बनी कि दुर्वेशपुर गांव स्थित मस्जिद में जुमे की नमाज के बाद लोग एकत्रित होंगे। वहीं, एसडीएम को ज्ञापन सौंपा जाएगा। यहां अब्दुल वाहिद प्रधान, कारी यासीन, नसीम प्रधान, निजाम अंसारी, अली शाह आदि मौजूद रहे। उधर, एसडीएम अमित कुमार का कहना है कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।