महर्षि वाल्मीकि जयंती के सार्वजनिक अवकाश के चलते प्रवेश प्रक्रिया में बदलाव
29 और 30 अक्तूबर को वरीयता सूची से होंगे प्रवेश
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। सीसीएसयू परिसर और संबद्ध महाविद्यालयों व संस्थानों में एलएलएम पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए पहली ओपन मेरिट 26 अक्तूबर को जारी की जाएगी।
विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण अधिष्ठाता कार्यालय की ओर से जारी संशोधित विज्ञप्ति के अनुसार, महर्षि वाल्मीकि जयंती का सार्वजनिक घोषित होने के कारण प्रवेश प्रक्रिया के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। पहली ओपन मेरिट में कॉलेज के अनुसारपंजीकृत लेकिन प्रवेश से वंचित अभ्यर्थियों की पूरी सूची जारी की जाएगी।
अभ्यर्थी 26 अक्तूबर सुबह 10 बजे से अपनी लॉगइन आईडी के माध्यम से ऑफर लेटर डाउनलोड कर सकेंगे। इसके बाद उन्हें 27 और 28 अक्तूबर को अपने चयनित महाविद्यालय में ऑफर लेटर जमा करना होगा। अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर जमा करने के बाद उसकी विद्यार्थी प्रति (स्टूडेंट कॉपी) प्राप्त करनी होगी।
विश्वविद्यालय परिसर के विधि विभाग और संबंधित महाविद्यालयों व संस्थानों में 29 अक्तूबर को आरक्षण नियमों के अनुसार रिक्त सीटों के सापेक्ष ओपन वरीयता सूची तैयार की जाएगी। इस सूची के आधार पर 29 और 30 अक्तूबर को दो कार्य दिवसों में प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाएगी। संस्थानों को 30 तक प्रवेश की पुष्टि करनी जरूरी होगा।