उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद में शनिवार को घंटाघर स्थित मुख्य डाकघर में आधार कार्ड बनवाने को लेकर हंगामा हो गया। इस दौरान दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। वहीं मारपीट में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। वहीं सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल भर्ती कराया है।
दरअसल, मेरठ शहर में पिछले कई महीनों से लोगों को आधार कार्ड बनवाने के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई-कई बार डाकघर के चक्कर काटने के बावजूद भी आधार कार्ड नहीं बन पा रहे हैं। इसी के चलते लोगों में काफी गुस्सा है।
बताया गया कि वैशाली कॉलोनी गढ़ रोड निवासी दो युवक आज आधार कार्ड बनवाने के लिए मुख्य डाकघर पहुंचे। वहीं नेट धीमे होने की वजह से आधार कार्ड बनने में देरी हुई तो वहां कहासुनी हो गई। इस बीच आधार कार्ड बनाने के लिए लखनऊ से नियुक्त किए गए प्राइवेट कर्मचारी के साथ उनकी बहस हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इस दौरान दफ्तर केबिन का शीशा भी टूट गया।
डाक अधीक्षक हरीश कुमार गुंबर का कहना है कि दो युवक शनिवार को आधार कार्ड बनवाने के लिए आए थे। नेट धीमे होने के कारण कार्य में देरी हुई। इस बीच दोनों युवकों ने कर्मचारी के साथ हाथापाई कर दी। उन्होंने बताया कि मारपीट में उप डाक अधिकारी कक्ष के शीशे टूट गए। वहीं थाने में तहरीर देने की तैयारी चल रही है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/