मेरठ। आरजी पीजी कॉलेज के गृह विज्ञान विभाग और रवींद्रनाथ टैगोर कल्चरल क्लब की ओर से आयोजित हेरिटेज टेक्सटाइल क्राफ्ट्स : एम्ब्रॉयडरी एंड प्रिंटिंग एड-ऑन कोर्स का सोमवार को समापन हो गया। छात्राओं ने कढ़ाई से भारतीय पारंपरिक परिधान तैयार किए।
कोर्स में छात्राओं को कढ़ाई के टांके, पारंपरिक नमूने, डिजाइन निर्माण, रंग संयोजन और प्रिंटिंग तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। छात्राओं ने कढ़ाई से वस्त्र और परिधान तैयार किए। प्राचार्य प्रो. निवेदिता मलिक ने कहा कि ऐसे कौशल आधारित पाठ्यक्रम स्वरोजगार के अवसर दिलाने में सहायक होते हैं। क्लब की प्रभारी प्रो. अर्चना रानी ने बताया कि ये आयोजन छात्राओं को भारतीय कला और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ते हैं। गृह विज्ञान विभाग की प्रभारी सोनिका चौधरी ने पारंपरिक हस्तशिल्प और वस्त्र कलाओं के संरक्षण को महत्वपूर्ण बताया।
समापन पर कोर्स पूरा करने वाली छात्राओं को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। छात्राओं ने प्रशिक्षण में उत्साह के साथ भाग लिया। आयोजन सचिव दीपा कांडपाल, ममता और श्वेता त्यागी ने कार्यक्रम के सफल संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। आकृति, अलीना, रक्षिता, वाइजा, नबिया और महिमा रोशनी जैसी छात्राओं ने भी सहयोग किया।