मेरठ। मेरठ कॉलेज के स्ववित्तपोषित विभाग के बीए एलएलबी एवं बीकॉम एलएलबी के विद्यार्थियों ने सोमवार को जिला कारागार का शैक्षिक भ्रमण किया। विद्यार्थियों ने जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली, कैदियों के रखरखाव और जरूरतमंद बंदियों को विधिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी हासिल की। विद्यार्थियों को रवाना करते हुए प्राचार्य प्रो. नीरज कुमार ने कहा कि ऐसे आयोजन जरूरी हैं। मुख्य नियंता प्रो. वीरेंद्र सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों को अपने पेशे से जुड़ी सीख समय रहते शुरू कर देनी चाहिए। कारागार में विद्यार्थियों को जेल मैनुअल और बंदियों को मिलने वाली कानूनी सहायता की व्यवस्था के बारे में बताया गया। इस अवसर पर समन्वयक डॉ. अरविंद कुमार, विभागाध्यक्ष डॉ. रवीश कुमार, डॉ. रेखा खत्री, डॉ. रुनझुन, डॉ. आश्नी भार्गव और डॉ. गौरांग बसंत अग्रवाल आदि मौजूद रहे। संवाद