नितिन हत्याकांड :
छह आरोपी जेल गए, चार निलंबन... फिर भी असंतुष्ट परिजन
नितिन के पिता बोले- पुलिस की भूमिका की हो निष्पक्ष जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। माखननगर के नितिन नागर हत्याकांड में अभी तक छह आरोपी जेल जा चुके है। पांच आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस ने की है, जबकि एक आरोपी ने अदालत में आत्मसमर्पण किया है। वहीं, मामले में लापरवाही के आरोप में तीन दरोगाओं और एक सिपाही को निलंबित किया गया है। इसके बावजूद मृतक के परिजन पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर न्याय की मांग को लेकर आंदोलन भी करना पड़ा तो वह पीछे नहीं हटेंगे।
बुधवार को मृतक नितिन के पिता सतीश ने बताया कि उनके इकलौते बेटे की हत्या में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई होनी चाहिए। घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को कई बिंदुओं पर कार्रवाई का आश्वासन दिया था। परंतु आश्वासन के अनुसार अभी तक पूरी कार्रवाई नहीं हुई है। परिवार को न्याय तभी मिलेगा जब हत्या में शामिल सभी आरोपियों की भूमिका सामने आएगी।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने जिन आरोपियों को पकड़ा है, उनके बारे में उन्हें अभी तक पूरी जानकारी नहीं दी गई है। ग्रामीणों से उन्हें पता चला कि गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस पर भी फायरिंग की थी। उन्होंने कहा कि पहले उनके बेटे की हत्या और बाद में गिरफ्तारी के समय पुलिस पर फायरिंग की गई तो फिर उनका एनकाउंटर क्यों नहीं किया गया।
सतीश ने आरोप लगाया कि घटना से तीन दिन पहले नितिन के दोस्त प्रिंस का हस्तिनापुर के कुछ युवकों से विवाद हुआ था। विवाद की शिकायत पुलिस से की गई थी। आरोप है कि पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर समझौता करा दिया। यदि उस समय विवाद को गंभीरता से लिया जाता तो शायद उनके बेटे की जान बच सकती थी। उन्होंने इस मामले में निलंबित हुए पुलिस कर्मियों की भूमिका की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उधर, सीओ मवाना पंकज लवानिया का कहना है कि इस मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार 11 सितंबर की शाम नितिन नागर की हस्तिनापुर में बाइक सवार युवकों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
-