सरधना। नगर के मोहल्ला बूढ़ा बाबू में नवजात बेटी को सुपुर्द-ए-खाक कर लौटे रहे एक व्यक्ति और उसके परिजनों पर ससुराल पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया। हमले में वृद्ध सहित तीन लोग घायल हो गए। आरोपियों ने मृतक बच्ची की मां को जबरन साथ ले जाने की कोशिश भी की। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित दाऊद ने बताया कि उसकी पत्नी को बीते शुक्रवार को प्रसव पीड़ा होने पर सरधना सीएचसी में भर्ती कराया गया था, जहां उसने एक बेटी को जन्म दिया। बच्ची की हालत गंभीर होने पर उसे कस्बे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। दाऊद ने अपनी ससुराल गांव नवाबगढ़ी में बच्ची की मौत की सूचना दी। इसके बाद पत्नी के मायके पक्ष के कई लोग वहां पहुंचे।
नवजात को सुपुर्द-ए-खाक कर जैसे ही परिजन घर लौटे, उसी दौरान ससुराल पक्ष के लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट पर उतर आए। इस दौरान आरोपियों ने दाऊद के पिता रहीस पर सरिये और लाठियों से हमला कर दिया। हमले में दो महिलाओं सहित कुल तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीचबचाव कर मामले को शांत कराया। पीड़ित ने मामले की शिकायत थाने में दी है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और मामले में उचित कार्रवाई की बात कही है।