- वर्धमान एकेडमी में शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों ने दी शानदार प्रस्तुतियां
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। रेलवे रोड स्थित वर्धमान एकेडमी के परिसर में नवरात्र पर डांडिया इव रंगसा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संगीत, नृत्य, उत्साह और भारतीय संस्कृति की मनमोहक छटा देखने को मिली। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने डांडिया खेला।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के अध्यक्ष अनिल कुमार जैन सचिव सुरेश चंद जैन रितुराज, प्रधानाचार्या रुपाली चौधरी, उप प्रधानाचार्या मुक्ता चावला ने किया। पारंपरिक गुजराती संगीत की मधुर धुनों पर प्रतिभागियों ने आकर्षक डांडिया प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। समारोह में फूड स्टॉल पर विभिन्न स्वादिष्ट व्यंजनों की व्यवस्था की गई थी।
सुरेश चंद जैन रितुराज ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यालय और अभिभावकों के बीच आत्मीय संबंधों को सुदृढ़ करने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति एवं लोक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। कार्यक्रम की सफलता सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों एवं आयोजकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम रही।
प्रधानाचार्या रुपाली चौधरी ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों में भारतीय परंपराओं के प्रति सम्मान, आपसी सहयोग, आत्मविश्वास एवं सामूहिक सहभागिता की भावना विकसित करते हैं। शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान देना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व को निखारना और उन्हें अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है।