चालक ने रविवार रात में ही मालिक को दी सूचना, पुलिस सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला (मेरठ)। हाईवे स्थित एक ढाबे पर रविवार देर रात मुजफ्फरनगर निवासी चालक गौरव शर्मा खाना खाने के लिए रुका। इस दौरान चोरों ने उसकी क्रेटा कार चोरी कर ली। कार नहीं मिलने पर चालक ने मालिक को सूचना दी। पुलिस ने आसपास कार की तलाश की लेकिन सुराग नहीं लगा।
मुजफ्फरनगर निवासी प्रदीप गुप्ता की कार पर गौरव शर्मा चालक है। रविवार को वह प्रदीप की बेटी को दिल्ली छोड़ने गया था। लौटते समय वह वलीदपुर गांव स्थित एक ढाबे पर खाना खाने के लिए रुका। दर्ज कराई गई प्राथमिकी में गौरव ने बताया कि जब वह खाना खाकर बाहर आया तो कार गायब मिली। उसने कार को काफी ढूंढा लेकिन सुराग नहीं लगा। उसने मामले की जानकारी फोन पर कार मालिक प्रदीप गुप्ता को दी। प्रदीप ने कॉल कर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने चालक से जानकारी लेने के बाद आसपास के लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले और रात में ही मुकदमा दर्ज कर लिया। सोमवार को भी दिनभर पुलिस हाईवे पर सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालती रही लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल का कहना है कि कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द चोरों को पकड़ लिया जाएगा।