दौराला - सकौती में टेंडर निरस्त करने के बाद भी किया जा रहा खड़ंजा निर्माण कार्य। स्रोत : संवाद
हाईकोर्ट ने दिए जांच के आदेश, आदेशों का किया जा रहा उल्लंघन
दौराला। सकौती में ठेकेदार टेंडर निरस्त होने के बाद भी खड़ंजे का निर्माण कर रहा है। गांव निवासी योगेंद्र की शिकायत पर दूसरी जगह खड़ंजा लगाए जाने की शिकायत पर टेंडर निरस्त की प्रक्रिया की गई। मामला कोर्ट में विचाराधीन है और जांच के आदेश दिए गए हैं, लेकिन जांच की जगह खड़ंजे का कार्य अभी भी किया जा रहा है।
योगेंद्र कुमार ने बताया कि सकौती में तीन मीटर चकरोड पर खड़ंजा प्रस्तावित था लेकिन खड़ंजा दूसरी जगह लगाया जा रहा था। योगेंद्र ने साक्ष्य के साथ जिला पंचायत कार्यालय में शिकायत की। अवर अभियंता ने जांच की तो मामला सही पाया गया। जिला पंचायत ने 19 जुलाई को टेंडर निरस्त कर दिया था। टेंडर निरस्त कर दिए जाने के बाद भी ठेकेदार लगातार खड़ंजा लगा रहा है, परंतु खड़ंजा जिस जगह लगाया जा रहा है वह प्रस्तावित चकरोड नहीं है। योगेंद्र ने दूसरी जगह पर खड़ंजा लगाए जाने के मामले में हाईकोर्ट में रिट दायर की। हाईकोर्ट ने जिलाधिकारी को जांच के आदेश दिए हैं। आरोप है कि लगातार शिकायत के बाद भी कार्य नहीं रोका गया और न ही जांच की गई। हाइकोर्ट के आदेशों का उल्लंघन किया जा रहा है। योगेंद्र ने कार्य रोके जाने की मांग की है।