मेजर ध्यानचंद राज्य खेल विश्वविद्यालय में सेवा पखवाड़े का समापन
कुलपति मेजर जनरल ने किया 50 किमी रैली का नेतृत्व किया
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। मेजर ध्यानचंद राज्य खेल विश्वविद्यालय सलावा द्वारा सेवा पखवाड़ा का समापन बृहस्पतिवार को साइकिल रैली, पुष्पांजलि कार्यक्रम, स्वच्छ भारत अभियान और पौधरोपण के साथ संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और खेल भावना का संचार करना रहा।
साइकिल रैली का नेतृत्व विश्वविद्यालय के कुलपति मेजर जनरल दीप अहलावत ने किया। रैली सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर सलावा स्थित निर्माणाधीन परिसर तक गई और वापसी समेत करीब 50 किलोमीटर की दूरी तय की गई। रैली में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रैली की शुरुआत से पूर्व प्रतिभागियों ने महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उनके चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उनके सत्य, अहिंसा, सेवा और सादगी के आदर्शों को स्मरण करते हुए उन्हें राष्ट्रनिर्माण की प्रेरणा बताया गया। इस दौरान डॉ. सत्येंद्र, प्रो. योगेश कुमार, डॉ. पूनम भंडारी सहित अन्य शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और स्टाफ ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
स्वच्छ भारत अभियान और पौधरोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें छात्रों को पर्यावरण संरक्षण, सामुदायिक सेवा और व्यक्तिगत जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। कुलपति मेजर जनरल अहलावत ने कहा कि साइकिल रैली केवल शारीरिक तंदरुस्ती तक सीमित नहीं, बल्कि युवाओं को अनुशासन, सेवा और सामाजिक दायित्व से जोड़ने का माध्यम भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से विकसित भारत क्विज 2026 में भाग लेने और विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग से जुड़ने का आह्वान किया।