हापुड़ और बुलंदशहर के ध्यानार्थ
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। डीआईजी कलानिधि नैथानी ने तीन कुख्यात बदमाशों के खिलाफ 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया। ये अपराधी बुलंदशहर और हापुड़ जिलों में हत्या समेत विभिन्न गंभीर मामलों में वांछित चल रहे हैं। एसएसपी की संस्तुति पर यह कार्रवाई की गई है।
इनाम घोषित किए गए अपराधियों में जैद और हारिस शामिल हैं। जैद बुलंदशहर के मिर्चीटोला का निवासी है। हारिस शाहनगर, अगौता, बुलंदशहर का रहने वाला है। वह वर्तमान में गौतमबुद्धनगर के अल्फा-1, बीटा-2 में रहता है। ये दोनों बुलंदशहर के थाना कोतवाली देहात में पंजीकृत हत्या के मुकदमे में वांछित हैं। तीसरे अपराधी का नाम रंदीप सिंह उर्फ राजा है। वह बरेली के नानकपुरी टाडा का निवासी है। इसके अलावा, वह उत्तराखंड के उधम सिंह नगर और रामपुर के बिलासपुर से भी संबंधित है। रंदीप हापुड़ के थाना पिलखुवा में दर्ज एक मामले में वांछित है। जैद और हारिस पर बुलंदशहर में तीन-तीन मुकदमे दर्ज हैं। रंदीप पर हापुड़ और उधमसिंह नगर में चार अभियोग दर्ज हैं।
डीआईजी कलानिधि नैथानी ने बताया कि 20 दिनों में मेरठ परिक्षेत्र के चारों जिलों से 22 वांछित और फरार अपराधियों पर इनाम घोषित किए गए हैं। इन सभी पर 50-50 हजार रुपये का इनाम रखा गया है। इनमें से 10 इनामी अपराधियों को अब तक गिरफ्तार किया जा चुका है। यह कार्रवाई अपराधियों की धरपकड़ के लिए की जा रही है।