जर्जर पोल नहीं बदल रहा विभाग, घर में उतर जाता है करंट
मेरठ। उपभोक्ता देवो भव: की टैग लाइन के साथ काम करने वाला पावर कारपोरेशन उपभोक्ताओं को ही परेशान करने में लगा है। काजीपुर बिजलीघर क्षेत्र की समर गार्डन कॉलोनी में खड़े जर्जर खंभे की शिकायत एक साल से की जा रही है लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई।
कॉलोनी में 60 फुटा रोड मंगल बाजार स्थित इम्तियाज सैफी के घर के पास खड़ा विद्युत पोल न केवल जर्जर है बल्कि बीच से टूट भी गया है। शिकायतकर्ता सलमान सैफी का कहना है कि 13 जनवरी, 2020 से वह जर्जर खंभे की शिकायत कर रहा हैं लेकिन अभी तक पोल नहीं बदला गया। बरसात के दिनों में मकान में भी करंट उतर जाता है। घर की छत से सटे खंभे पर तारों का जाल बिछा हुआ है। एक साल से लगातार शिकायत के बाद भी विभागीय अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। इस बारे में अधिशासी अभियंता प्रिंस गौतम ने बताया कि जर्जर पोल का मामला उनके संज्ञान में नहीं हैं। सोमवार को टीम भेजकर मामले की जांच कराई जाएगी। जर्जर पोल को हर हाल में बदलवाया जाएगा।