मेरठ। सुभारती मेडिकल कॉलेज प्रबंधन को कुख्यात अमित भूरा के नाम से धमकी देने वाले बदमाशों की गाड़ी ओला कंपनी में चल रही थी। वह पुलिस को बुधवार देर रात कॉलेज के बाहर लावारिस हालत में मिली। अब बदमाशों की तलाश जारी है।
पुलिस को कॉलेज के समीप लावारिस हालत में मिली गाड़ी से धमकी भरी एक और चिट्ठी प्राप्त हुई। इसमें मेडिकल कॉलेज प्रबंधन के लिए लिखा कि यह धमकी मानसी की तरफ से नहीं है। मेडिकल स्टोर हमारे आदमी को दे दो। पुलिस को जांच में पता चला कि गाड़ी ओला कंपनी में चलती है। पुलिस ने ओला कंपनी से जानकारी जुटाने का प्रयास किया तो बताया कि लॉकडाउन के चलते कंपनी बंद है। पुलिस का कहना कि इस मामले की जांच जारी है। पुलिस पंजाब जेल में बंद अमित भूरा से भी जानकारी ले सकती है।
चिट्ठी में मानसी के नाम ने चौंकाया
कुख्यात अमित भूरा के नाम से मिली धमकी भरी चिट्ठी में लिखा है कि हमें मानसी आनंद समझने की भूल मत करना। यह बात सबको चौंका रही है। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है।
पुलिस कर रही जांच
कुख्यात अमित भूरा के नाम से धमकी देने वाले बदमाशों की तलाश की जारी है। गाड़ी के जरिए भी बदमाशों का पता लगाया जा रहा है। सुभारती मेडिकल कॉलेज प्रशासन को धमकी देने वाले कौन लोग हैं। इसका जल्द खुलासा कर दिया जाएगा।-जितेंद्र सरगम, सीओ सरधना