दौराला (मेरठ)। हाईवे-58 पर रिलायंस पेट्रोल पंप के पास क्रेन सर्विस सेंटर के पीछे शनिवार को मिला महिला का शव मुजफ्फरनगर के शहाबुद्दीनपुर निवासी ब्रह्मवती का निकला। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।
शुक्रवार को ब्रह्मवती पत्नी सीताराम रोडवेज बस में सवार होकर मेरठ आने के लिए रवाना हुई थी। महिला दौराला में उतर गई और जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। शनिवार की सुबह क्रेन सर्विस सेंटर पर कार्य करने वाले कर्मचारियों ने महिला का शव पड़ा देखा और पुलिस को जानकारी दी। महिला के पास रोडवेज बस का टिकट मिला था। इस पर पुलिस ने महिला की पहचान कराने के लिए मुजफ्फरनगर पुलिस से संपर्क किया। महिला के न मिलने पर परिजन थाना कोतवाली जिला मुजफ्फरनगर पहुंचे। वहां से जानकारी मिलने पर परिजन दौराला थाने पहुंचे। बेटे अमित ने महिला के शव की पहचान की। दौराला थाना प्रभारी का कहना है कि अभी कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। मंगलवार को पुलिस मुजफ्फरनगर पहुंचकर परिजनों से जानकारी लेगी।