रोहटा। थाना क्षेत्र के पूठ गंगनहर पुल से लापता यू-टयूबर मुजफ्फरनगर जनपद के कस्बा खतौली में स्थित एक ढाबे के पास मिला। पुलिस ने उसके बयान दर्ज कर परिजनों को सौंप दिया।
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव लाला मोहम्मदपुर निवासी नदीम पुत्र नूर इस्लाम बीते मंगलवार को पूठ गंगनहर से लापता हो गया था। नदीम ने पिता के मोबाइल पर फोन कर बताया था कि उसे अब तलाश नहीं करना। परिजनों ने युवक की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। मौके से पुलिस ने नदीम की होंडा सिटी कार व उसका पर्स बरामद किया था। पुलिस ने पीएसी के गोतोखोरों की मदद से पूठ गंगनहर पुल से भोला झाल तक लगभग चार किलोमीटर तक सर्च अभियान चलाया था। लेकिन, उसका कोई सुराग नहीं लगा था। रविवार शाम नदीम ने ढाबा संचालक से परिजनों को कॉल करवाई।
नदीम के परिजन पुलिस को लेकर मौके पर पहुंचे। पुलिस उसे रोहटा थाने ले आई। पुलिस ने युवक का बयान दर्ज कर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस के अनुसार, नदीम एक युवती से सात साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दिसंबर में युवती की शादी हो गई। लेकिन युवती ससुराल में रहने के लिए राजी नहीं थी। इस पर नदीम उसे समझाने का प्रयास करता था। मंगलवार को किसी बात पर इनकी कहासुनी हो गई। इस पर वह तनाव में आ गया और खुद ही रोहटा थाना क्षेत्र के पूठ गंगनहर पुल पर जाकर अपनी कार खड़ी कर लापता हो गया।