संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपी पीसीएस) 2024 के परिणामों में सरूरपुर ब्लॉक की दो बेटियाें और रोहटा ब्लॉक के कल्याणपुर गांव के एक बेटे ने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है।
गांव सरूरपुर खुर्द की सौम्या बंसल ने पहले प्रयास में प्रदेश में 100वीं रैंक हासिल की है। उनके इस शानदार प्रदर्शन पर गांव में उत्सव जैसा माहौल रहा और ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया। भाजपा नेता आदेश फौजी ने कहा कि बेटियां संस्कृति और सभ्यता की जननी होती हैं और इस सफलता से गांव का नाम रोशन हुआ है। सौम्या ने युवाओं को संदेश दिया कि लक्ष्य निर्धारित कर एकाग्र होकर पढ़ाई करने से सफलता अवश्य मिलती है।
गांव खिर्वा नौआबाद की पूजा चौधरी ने 123वीं रैंक हासिल कर सहायक आयुक्त (जीएसटी) पद पर चयनित होकर सरूरपुर ब्लॉक का मान बढ़ाया है। उन्होंने हाईस्कूल तक्षशिला पब्लिक स्कूल, इंटरमीडिएट कृष्णा पब्लिक स्कूल और मेरठ कॉलेज से शिक्षा प्राप्त की है। वर्तमान में पीएचडी कर रही हैं। साथ ही रोहटा ब्लॉक के कल्याणपुर गांव के कुणाल सिंह ने भी क्षेत्र का नाम रोशन किया है। पिता सतीश कुमार हैं। प्रथम प्रयास में कुणाल सीआईएसएफ में सब-इंस्पेक्टर बने और हाल ही में डीडीए में एएसओ के पद पर चयनित हुए हैं। उन्होंने अपनी मेहनत का श्रेय माता-पिता और बहन को दिया। दोनों बेटियों और होनहार बेटे की इस सफलता से सरूरपुर ब्लॉक में उत्साह का माहौल है।
सरधना। पूजा चौधरी।