कंकरखेड़ा (मेरठ)। थाना क्षेत्र में साइबर जालसाजों ने एक दरोगा यशपाल गौतम की बेटी दीक्षा गौतम से 65 हजार रुपये की ठगी कर ली। इस संबंध में दरोगा ने 11 आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।
यशपाल गौतम सिविल लाइन थाने में तैनात है। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पूर्व उनकी बेटी दीक्षा के मोबाइल पर वीना खत्री के नंबर से व्हाट्सएप मैसेज आया। इसके बाद एक आईडी से कनेक्ट होने के लिए कहा गया। जालसाजों ने पहले दीक्षा के खाते में कुछ छोटी रकम जमा की और फिर उसे बड़ी रकम ट्रांसफर करने के लिए उकसाया। इस तरह उन्होंने दीक्षा से कुल 65 हजार रुपये ठग लिए।
दरोगा यशपाल गौतम की तहरीर पर पुलिस ने वीना खत्री, अंजली कुमारी, प्रदीप, दीपांशु, सनी वर्मा, यश प्रताप सिंह, मुनफैद व रेखा सहित कुल 11 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सीओ दौराला प्रकाशचंद्र अग्रवाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।