सीसीटीवी में नहीं दिखा बदमाश, विरोध में बाजार बंद
मेरठ। शहर सराफा बाजार में तेलंगाना पुलिस की दबिश के विरोध में बृहस्पतिवार को शहर सराफा बाजार में प्रतिष्ठान बंद रहे। झंडे वाले चौक पर सभी व्यापारी एकत्र हुए और बाहरी पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान मौके पर पहुंचे एसपी सिटी ने व्यापारियों को शांत करने की कोशिश की। वहीं दूसरी ओर सीसीटीवी चेक किए गए। अब तेलंगाना पुलिस बुलंदशहर के लिए रवाना हो गई है जहां आरोपी के दूसरे साथी इरशाद की लोकेशन मिली है। वहीं, देर शाम एसपी सिटी विनीत भटनागर के आश्वासन पर बाजार खोल दिया गया है। आज से बाजार समयानुसार खुलेगा।
मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन के महामंत्री विजय आनंद अग्रवाल ने कहा कि सराफा व्यापारी ईमानदारी से अपना काम कर रहे हैं। पुलिस प्रशासन सोतीगंज के चोरों से उनकी तुलना कभी न करें, यह बर्दाश्त नहीं होगा। एसपी सिटी के सामने विजय आनंद अग्रवाल ने चार सूत्रीय मांग रखी। वहीं संयुक्त व्यापार संघ के अरुण वशिष्ठ, अजय गुप्ता, दलजीत सिंह भी व्यापारियों के पक्ष में पहुंचे और दूसरे राज्यों की पुलिस का विरोध जताया। इस दौरान प्रदीप अग्रवाल, मनोज गर्ग, संदीप अग्रवाल, सर्वेश कुमार सराफ, दीपक जौहरी, दीपक कंसल, राज किशोर रस्तोगी, संत कुमार वर्मा, दिनेश रस्तोगी आदि मौजूद रहे।
चेक की सीसीटीवी फुटेज
व्यापारियों ने राकेश जैन और आसपास के सीसीटीवी की डीवीआर पुलिस को दी। पुलिस ने फुटेज चेक की जिसमें आरोपी नहीं दिखा। तेलंगाना पुलिस आरोपी नदीम के साथी इरशाद की तलाश में बुलदंशहर के लिए रवाना हो गई है।