मेरठ। बिजनेस के बहाने कार में बैठे एक युवक ने ट्रॉमा सेंटर संचालक का पांच लाख रुपये भरा बैग उड़ा दिया। पीड़ित ने मेडिकल थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
मवाना रोड कसेरूबक्सर निवासी विनीत गर्ग गढ़ रोड पर मेडिकल कॉलेज के निकट ओम ट्रॉमा सेंटर चलाते हैं। विनीत के अनुसार, बुधवार को उन्होंने गंगानगर स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा से निजी कार्य के लिए पांच लाख रुपये निकाले। कार से वह ट्रॉमा सेंटर चल दिए। इसी दौरान उनके फोन पर अवि पंवार उर्फ सक्षम निवासी गाजियाबाद का फोन आया। कुछ समय पहले ही उनकी उससे मुलाकात हुई थी। अवि ने कहा कि वह बिजनेस के सिलसिले में उनसे मिलना चाहता है और साकेत पेट्रोल पंप के निकट खड़ा है। विनीत का कहना है कि वह रास्ते में उसे मिले और कार में बैठा लिया। अवि ने कहा कि उनका दवाइयों का काम है। वह उन्हें सस्ती दवाइयां उपलब्ध करा देगा। विनीत उसे ट्रॉमा सेंटर लेकर चल दिए। ट्रॉमा सेंटर से थोड़ी दूरी पर अवि ने सिगरेट पीने का बहाना बनाकर गाड़ी रुकवा ली और नीचे उतर गया। उसने विनीत से कार खड़ी करने के लिए कहा। विनीत बताते हैं कि उन्होंने कार सेंटर पर खड़ी की और अंदर चले गए। काफी देर तक अवि नहीं आया। इसी दौरान उन्हें कार में पांच लाख रुपये रखे होने की याद आई। बाहर आकर देखा तो बैग गायब था। अवि से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया तो फोन रिसीव नहीं हुआ। सीओ सिविल लाइन देवेश सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
90 हजार नहीं चुकाया तो बेच दी 9 लाख की मशीन
मेरठ। किरायेदार ने 90 हजार रुपये नहीं चुकाया तो मकान मालिक ने 9 लाख रुपये की मशीन बेच दी। नौचंदी थाने में शिकायत की गई है।
माधवपुरम निवासी आफताब फ्लेक्स बनाने का काम करता है। वर्ष 2017 में उन्होंने नौचंदी थाना क्षेत्र की पंचशील कालोनी में एक किराए के मकान में 9 लाख रुपये कीमत की नई फ्लेक्स मशीन लगाई। काम ठीक चल रहा था, तभी लाकडाउन लग गया। देखते ही देखते 90 हजार रुपये किराया हो गया। आफताब ने दोबारा से काम शुरू किया और जल्द भुगतान का भरोसा दिलाया। जुलाई में किराए का कांट्रेक्ट खत्म हुआ तो मकान मालिक ने बकाया पैसा मांगा। आफताब ने जल्द भुगतान का भरोसा दिलाया और काम रोक दिया। आरोप है कि पिछले दिनों मकान मालिक ने 9 लाख रुपये की मशीन बेच डाली। सीओ सिविल लाइन देवेश सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों को बुलाकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।