मेरठ में नेहा-सुमनलता हत्याकांड को आदित्य गुप्ता बनकर अंजाम देने वाले शोएब कुरैशी का मामला अभी सुर्खियों में ही है कि शनिवार को शहर के एक निजी हॉस्पिटल के मैनेजर द्वारा ऐसी करतूत सामने आई है। मैनेजर इसी तरह नाम और धर्म छुपाकर एक युवती से दुष्कर्म करता रहा। पोल खुलने पर मैनेजर ने नशे का इंजेक्शन लगवाकर युवती का गर्भपात भी करवा डाला। मामला एसएसपी के सामने पहुंचा तो आरोपी के खिलाफ महिला थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई।
पुलिस के अनुसार शास्त्रीनगर निवासी एक युवती एक निजी हॉस्पिटल में नर्स थी। हॉस्पिटल के मैनेजर मोहम्मद शमीम निवासी कोतवाली ने युवती को अपना नाम राहुल उर्फ राजू बताया हुआ था। वह हाथ में कलावा भी बांधता था। करीब छह महीने पहले हॉस्पिटल मैनेजर और युवती में प्रेम प्रसंग हो गया। गर्भवती होने पर नर्स ने जब मैनेजर पर शादी करने का दबाव बनाया तो मैनेजर ने अपना सही नाम और धर्म बताकर युवती से कह दिया कि अगर धर्म बदल लोगी तो शादी कर लूंगा। जिस पर युवती ने मैनेजर को जमकर खरीखोटी सुनाई। मामला तूल पकड़ता देख मैनेजर ने युवती को नशे का इंजेक्शन लगवाकर उसे बेहोश किया और उसका गर्भपात करा दिया। होश आने पर युवती ने अपने परिजनों को आपबीती बताई। शनिवार को युवती परिजनों के साथ एसएसपी से मिली। एसएसपी के निर्देश पर आरोपी शमीम के खिलाफ महिला थाने में दुष्कर्म और गर्भपात कराने की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत हुआ।