मेरठ में कोर्ट मैरिज कर चुकी युवती को उसके परिजनों ने जबरन बंधक बनाकर घर में कैद कर दिया। रविवार को युवती ने किसी तरह एसएसपी मंजिल सैनी को व्हाट्सएप पर मैसेज कर सारे मामले की जानकारी दी। इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवती को बंधनमुक्त कराकर उसके पति के सुपुर्द करा दिया।
सरधना क्षेत्र के गांव अलीपुर निवासी बिट्टू पुत्र दयाराम ने बताया कि वह फाजलपुर में अपनी बहन के पास रहकर पढ़ाई कर रहा था। इस दौरान फाजलपुर निवासी एक युवती से उसका प्रेम प्रसंग हो गया। युवती के परिजनों ने इसका विरोध किया तो उन्होंने 18 अगस्त को कोर्ट मैरिज कर ली। इसके बाद युवक युवती को अपने घर ले गया। इस बीच युवती के परिजन युवक के घर पहुंचे और उनकी शादी को अपनी सहमति दे दी। साथ ही वह युवती को अपने साथ ले गए और कहा कि एक दो दिन में वापस भेज देंगे। आरोप है कि युवती को परिजनों ने घर ले जाकर बंधक बना लिया और एक कमरे में कैद कर दिया। युवक कई बार पत्नी को लेने गया, लेकिन युवती के परिजनों से उसे जान से मारने की धमकी दी।