रोहटा/परीक्षितगढ़/सरधना(मेरठ)। पूठखास गांव में मंगलवार को आठ कोरोना पॉजिटिव मिलने से हड़कंप मच गया। वहीं, डूंगर, मैनापूठी गांव में दो अन्य पॉजिटिव मिले हैं। तीन दिन में क्षेत्र में पॉजिटिव की संख्या बढ़कर 24 हो गई है। इससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।
देहात में भी कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ती जा रही है। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमर सिंह ने बताया कि तीन दिन पहले पूठखास गांव में 11 पॉजिटिव मिले थे। इसके बाद मंगलवार को इन्हीं के संपर्क में से आठ और पॉजिटिव आए हैं। अब पूठखास गांव में तीन दिन में संख्या बढ़कर 20, जबकि पूरे ब्लॉक में 24 हो गई है। इससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। उन्होंने बताया कि डूंगर गांव में एक शिक्षक और मैनापूठी में एक युवक को कोरोना की पुष्टि हुई है। इन सभी को पांचली खुर्द स्थित कोविड-19 हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। जबकि अन्य लोगों की जांच कराई जा रही है। पूठखास गांव पूरी तरह से हॉट स्पॉट घोषित कर दिया गया है।
स्वास्थ्य विभाग कर्मी और युवती को हुई पुष्टि
परीक्षितगढ़। स्वास्थ्य विभाग के एक कर्मचारी और ग्राम अहमदपुरी निवासी एक युवती मंगलवार को जांच के दौरान कोरोना पॉजिटिव मिले। कर्मचारी को मुलायम सिंह मेडिकल कॉलेज खरखौदा और युवती को सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया गया।
132 लोगों की जांच की
सरधना। नगर में मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा 132 लोगों की कोरोना की जांच कराई गई। इसमें मोहल्ला बूढ़ा बाबा निवासी एक 50 वर्षीय महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। सीएचसी प्रभारी डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव महिला को मेरठ स्थित अस्पताल भिजवा दिया है।